dohAvalI
rāga bhairavī
राग भैरवी
Verse
हे स्वामी ! अनन्य अवलम्बन, हे मेरे जीवन-आधार ! तेरी दया अहैतुक पर निर्भर कर आन पड़ा हूँ द्वार ॥
Verse
जाऊँ कहाँ जगतमें तेरे सिवा न शरणद है कोई । भटका, परख चुका सबको, कुछ मिला न, अपनी पत खोई ॥
Verse
रखना दूर, किसीने मुझसे अपनी नजर नही जोडी । अति हित किया सत्य समझाया, सब मिथ्या प्रतीति तोड़ी ॥
Verse
हुआ निराश, उदास गया विश्वास जगतके भोगोंका । जिनके लिये खो दिया जीवन, पता लगा उन लोगोंका ॥
Verse
अब तो नही दीखता मुझको तेरे सिवा सहारा और । जल-जहाजका कौआ जैसे पाता नही दूसरी ठौर ॥
Verse
करुणाकर ! करुना कर सत्वर अब तो दे मन्दिर-पट खोल ॥
Verse
बाँकी झाँकी नाथ ! दिखाकर तनिक सुना दे मीठे बोल ॥
Verse
गूँज उठे प्रत्येक रोममें परम मधुर वह दिव्य स्वर । ह्रत्-तंत्री बज उठे साथ ही मिला उसीमें अपना सुर ॥
Verse
तन पुलकित हो, सु-मन जलजकी खिल जायें सारी कलियाँ । चरण मृदुल बन मधुप उसीमें करते रहे रंगरलियाँ ॥
Verse
हो जाऊँ उन्मत, भूल जाऊँ तन मनकी सुधि सारी । देखूँ फिर कण-कणमें तेरी छबि नव नीरद-घन प्यारी ॥
Verse
हे स्वामिन् ! तेरा सेवक बन तेरे बल होऊँ बलवान । पाप-ताप छिप जायें हो भयभीत मुझे तेरा जन जान ॥
