Fetching Data .

Loading verse structure and chapter context.

GyanDweepBeta
HomeLearnLibrary
eGurukulsDiscoverTemplesPanchanga
Sign Up
Sign Up

dohAvalI

rāga bahāra - tāla dādarā

राग बहार - ताल दादरा

Verse

यारो, सुनो ये दधिके लुटैयाका बालपन, औ मधुपुरी नगरके बसैयाका बालपन ।

Verse

मोहन सरूप नृत्य-करैयाका बालपन, बन-बनके ग्वाल गौवें चरैयाका बालपन । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१॥

Verse

बाले थे बिर्जराज, जो दुनियाँमें आ गये, छीलाके लाख रंग तमासे दिखा गये ।

Verse

इस बालपनके रूपमें कितनोंको भा गये, एक यह भी लहर थी जो जहाँको जता गये । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥२॥

Verse

परदा न बालपनका वो करते अगर जरा, क्या ताब थी जो कोई नजर भरके देखता ।

Verse

झाड़ औ पहाड़ देते सभी अपना सर झुका, पर कौन जानता था जो कुछ उनका भेद था । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥३॥

Verse

अब घुटनियोंका उनके मैं चलना बयाँ करूँ ? या मीठी बातें मुँहसे निकलना बयाँ करूँ ? या बालकोंमें इस तरह पलना बयाँ करूँ ? या गोदियोमें उनका मचलना बयाँ करूँ ? ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥४॥

Verse

पाटी पकड़के चलने लगे जब मदनगोपाल, धरती तमाम हो गयी एक आनमें निहाल ।

Verse

बासुकि चरन छुअनको चले छोड़के पताल, आकासपर भी धूम मची देख उनकी चाल । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥५॥

Verse

करने लगे ये धूम जो गिरधारी नंदलाल, इक आप और दूसरे साथ उनके ग्वाल-बाल ।

Verse

माखन दही चुराने लगे सबके देखभाल, दी अपनी दूध चोरीकी घर-घरमें धूम डाल । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥६॥

Verse

कोठेमें होवे फिर तो उसीको ढँढोरना, मटका हो तो उसीमें भी जा मुखको बोरना ।

Verse

ऊँचा हो तो भी कंधेपै चढ़के न छोड़ना, पहुँचा न हाथ तो उसे मुरलीसे फोड़ना । ऐसा था, बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥७॥

Verse

गर चोरी करते आ गई ग्वालिन कोई वहाँ, औ उसने आ पकड़ लिया तो उससे बोले वाँ ।

Verse

मैं तो तेरे दहीकी उड़ाता था मक्खियाँ, खाता नही मैं उसको निकाले था चीटियाँ । ऐसा था बासुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥८॥

Verse

गुस्सेमें कोई हाथ पकड़ती जो आनकर, तो उसको वह स्वरूप दिखाते थे मुर्लीधर ।

Verse

जो आपी लाके धरती वो माखन कटोरीभर, गुस्सा वो उसका आनमें जाता वहाँ उतर । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥९॥

Verse

उनको तो देख ग्वालिनें जो जान पाती थीं, घरमें इसी बहानेसे उनको बुलाती थीं ।

Verse

जाहिरमें उनके हाथसे वे गुल मचाती थीं, परदे सबी वो कृष्णकी बलिहारी जाती थी । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या-क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१०॥

Verse

कहती थी दिलमें, दूध जो अब हम छिपायेंगे, श्रीकृष्ण इसी बहाने हमें मुँह दिखायँगे ।

Verse

और जो हमारे घरमें ये माखन न पायँगे, तो उनको क्या गरज है वो काहेको आयँगे । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥११॥

Verse

सब मिल जसोदा पास यह कहती थी आके बीर, अब तो तुम्हारा कान्हा हुआ है बड़ा शरीर ।

Verse

देता है हमको गालियाँ, औ फाड़ता है चीर, छोड़े दही न दूध, न माखन मही न खीर । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१२॥

Verse

माता जसोदा उनकी बहुत करती मिंतियाँ, औ कान्हको डरातीं उठा मनकी साँटियाँ ।

Verse

तब कान्हजी जसोदासे करते यही बयाँ, तुम सच न मानो मैया ये सारी हैं झूठियाँ । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१३॥

Verse

माता, कभी ये मुझको पकड़कर ले जाती है, औ गाने अपने साथ मुझे भी गवाती है ।

Verse

सब नाचती है आप मुझे भी नचाती है, आपी तुम्हारे पास ये फरियादी आती है । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१४॥

Verse

मैया, कभी ये मेरी छगुलिया छिपाती है, जाता हूँ राहमें तो मुझे छेड़े जाती है ।

Verse

आपी मुझे रुठाती है आपी मनाती है, मारो इन्हे ये मुझको बहुत-सा सताती है । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१५॥

Verse

इक रोज मुँहमें कान्हने माखन छिपा लिया, पूछा जसोदाने तो वहाँ मुँह बना दिया । मुँह खोल तीन लोकका आलम दिखा दिया, इक आनमें दिखा दिया और फिर भुला दिया ॥

Verse

ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१६॥

Verse

ये कान्हजी तो नंद-जसोदाके घरके माह, मोहन नवलकिशोरकी थी सबके दिलमें चाह ।

Verse

उनको जो देखता था, सो करता था वाह वाह, ऐसा तो बालपन न किसीका हुआ है आह । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१७॥

Verse

राधारमनके यारो अजब जाये गौर थे, लड़कोंमें वो कहाँ हैं जो कुछ उनमें तौर थे ।

Verse

आपी वो प्रभु नाथ थे आपी वो दौर थे, उनको तो बालपनहीमें तेवर कुछ और थे । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१८॥

Verse

होता है यों तो बालपन हर तिफ्लका भला, पर उनके बालपनमें तो कुच औरी भेद था ।

Verse

इस भेदीकी भला जो किसीको खबर है क्या, क्या जाने अपनी खेलने आये थे क्या कला । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥१९॥

Verse

सब मिलके यारो, कृष्णमुरारीकी बोलो जै, गोबिंद-कुंज-छैल-बिहारीकी बोलो जै ।

Verse

दधिचोर गोपीनाथ, बिहारीकी बोलो जै, तुम भी 'नजीर' कृष्णमुरारीकी बोलो जै । ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, ऐसा था बाँसुरीके बजैयाका बालपन, क्या क्या कहूँ मैं कृष्ण-कन्हैयाका बालपन ॥२०॥

bhajana
rāga pīlū - tāla kaharavā

Read next

More on राग बहार ताल दादरा

  • राग बहार - ताल दादराDohavali

सा विद्या या विमुक्तये

Built with Sankalpa at Gyaandweep

Gyaandweep

© 2022-2026 Granthajyoti Pvt Ltd.

Privacy & Terms